रीवा में दर्दनाक हादसा, जैन समाज ने किया सख्त कानून की मांग

मध्य प्रदेश के रीवा में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रही जैन साध्वियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि इस हादसे में दो जैन साध्वियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद जैन समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है और उन्होंने सड़क सुरक्षा तथा संतों की सुरक्षा को लेकर सख्त कानून बनाने की मांग की है।
हादसे के विरोध में आज नरसिंहपुर जिले के करेली में भी जैन समाज सड़कों पर उतर आया। सकल दिगम्बर जैन समाज ने मौन जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और संत सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की। इस घटना को लेकर देशभर में भी आक्रोश देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा 20 मई को रीवा के कलेक्ट्रेट रोड पर हुआ था, जहां जैन साध्वी श्रुतमति माता जी और उपशममति माता जी की कार की टक्कर से मौत हो गई थी। इस मामले में वाहन चालक की लापरवाही सामने आई है, जिसके बाद लगातार विरोध प्रदर्शन जारी हैं।







