जबलपुर वॉटर पार्क में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से युवक की मौत

मध्यप्रदेश के जबलपुर अंतर्गत बरेला स्थित ‘निसर्ग वॉटर पार्क’ में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां दोस्तों के साथ घूमने आए एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे वॉटर पार्क परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। मृतक युवक की पहचान रांझी झंडा चौक निवासी साजन विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो अपने तीन दोस्तों के साथ वॉटर पार्क में घूमने आया था।
जानकारी के अनुसार, जब साजन फिसल पट्टी (वाटर स्लाइड) से नीचे उतर रहा था, तभी अचानक स्लाइड की लोहे की रेलिंग में फैले करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना ने वॉटर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और दोस्तों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
सूचना मिलने पर बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वॉटर पार्क प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







