नवीकरणीय ऊर्जा में मध्यप्रदेश बना मिसाल, केंद्रीय मंत्री ने CM मोहन यादव को दी बधाई

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मध्यप्रदेश में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने ही बनाए रिकॉर्ड लगातार तोड़ते हुए प्रदेश को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है और अन्य राज्यों के लिए दिशा तय कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति सबसे तेज है और मध्यप्रदेश अब देश के प्रमुख अक्षय ऊर्जा निवेश केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। राज्य में सोलर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और नई परियोजनाओं के माध्यम से स्वच्छ व किफायती बिजली उत्पादन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने मुरैना सोलर ऊर्जा भंडारण परियोजना को ऊर्जा क्षेत्र में नई संभावनाओं का बेहतरीन उदाहरण बताया। अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं से न केवल स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन बढ़ रहा है, बल्कि रोजगार सृजन, आधारभूत संरचना विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल रही है।







