Chhattisgarh

मुख्य सचिव से पहचान का झांसा देकर नौकरी के नाम पर 25.50 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

Share

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने लता धीवर (36) नामक महिला को गिरफ्तार किया है, जो खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव का परिचित बताकर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देती थी। आरोपी ने कृषि विभाग और जिला अस्पताल में नौकरी लगाने का वादा कर अब तक सात लोगों से कुल 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। हाल ही में तीन पीड़ितों से 5 लाख 50 हजार रुपये लेने के बाद जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि ठगी की रकम आरोपी ने अपने पास रखने के बजाय अपने एक साथी द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी थी। शिकायत के आधार पर बालोद पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस अब आरोपी के साथी और ठगी की रकम ट्रांसफर किए गए बैंक खाते की जांच में जुटी हुई है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button