Madhya Pradesh

छात्राओं से PM मोदी के नाम अपील का वीडियो वायरल, स्कूल प्राचार्य निलंबित

Share

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्कूली छात्राओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपील का वीडियो बनवाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटाजन के प्राचार्य संदीप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला खालवा क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य इलाके का है, जहां वायरल वीडियो में छात्राएं हाथों में पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तस्वीर लेकर प्रधानमंत्री से उनका अनशन समाप्त कराने की अपील करती नजर आई थीं। वीडियो में छात्राओं के साथ जयस नेता अमरसिंह सिलाले भी मौजूद थे। जांच में स्कूल परिसर में इस गतिविधि के आयोजन के लिए प्राचार्य को जिम्मेदार माना गया। शिकायत मिलने के बाद हरसूद एसडीएम ने जांच कमेटी गठित की थी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कार्रवाई के लिए संभागायुक्त को पत्र भेजा। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राचार्य के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button