खंडहरनुमा मकान में मिली युवती की सड़ी-गली लाश, इलाके में सनसनी

अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक खंडहरनुमा मकान से युवती की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। खेत मालिक रामखेलावन राठौर रोज की तरह अपने खेत पहुंचे थे, तभी पुराने मकान से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने पास जाकर देखा तो अंदर क्षत-विक्षत हालत में शव पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव और आसपास के स्थल का निरीक्षण किया, जहां पास में पड़े एक पर्स से कागज की पर्ची पर काजल पुरी नाम लिखा मिला। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई, जिसमें शव कई दिन पुराना बताया गया। पुलिस के अनुसार काजल पुरी पिता सुक्खीराम पनिका, ग्राम लपटा से 17 फरवरी से लापता थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में सुरक्षित रखा गया है और परिजनों को पहचान के लिए बुलाया गया है। मामले में नवीन तिवारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवती की मौत कैसे हुई और शव खंडहरनुमा मकान तक कैसे पहुंचा।







