ChhattisgarhCrime

झाड़ फूँक के बहाने महिला ने बच्चे को उड़ाया

Share

जशपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने एक माह के मासूम बच्चे को लेकर फरार हुई महिला को बगीचा से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।
इस मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम मरंगीपाठ की रहने वाली एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने 1 महीने के बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल जशपुर आई थी। अस्पताल में उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई। आरोपी महिला ने बच्चे को झाड़-फूंक से ठीक करने का झांसा देकर परिवार को विश्वास में ले लिया।
इसके बाद वह परिवार सहित जशपुर बस स्टैंड गई, जहां उसने परिजनों को पहले हड़िया पिलाई और फिर एक होटल में खाना खिलाने ले गई। होटल में जब बच्चा के माता-पिता भोजन करने में व्यस्त थे, तभी आरोपी महिला मौके पाकर मासूम को लेकर भाग निकली।
बच्चे के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई। बस स्टैंड सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान कर उसे बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button