सीएम योगी आदित्यनाथ, पीतांबरा पीठ में की पूजा-अर्चना; VIP व्यवस्था से श्रद्धालु परेशान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। दतिया हवाई पट्टी पर पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ प्रसिद्ध शक्तिपीठ पीतांबरा पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ मां बगलामुखी देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा कारणों से मंदिर परिसर को कुछ समय के लिए आम श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया था। इस दौरान दूर-दराज से दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को एक घंटे से ज्यादा समय तक इंतजार करना पड़ा, जिससे कई लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। वहीं दौरे के दौरान सीएम योगी ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और पूजा-अर्चना के बाद बिना बातचीत किए सीधे हवाई पट्टी के लिए रवाना हो गए।







