Madhya Pradesh

आदिवासी किशोर की संदिग्ध मौत पर बवाल, कार्रवाई नहीं होने से थाने का घेराव

Share

जिले के खालवा थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय आदिवासी किशोर जितेंद्र की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों और आदिवासी समाज के लोगों ने खालवा थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने करीब दो घंटे तक धरना देकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों के अनुसार, 14 जून की रात गांव के तीन युवक बाइक से जितेंद्र को अपने साथ ले गए थे। अगले दिन पुलिस ने सूचना दी कि उसकी मौत हो गई है और शव अस्पताल में रखा हुआ है। आरोप है कि युवक गंभीर हालत में जितेंद्र को अस्पताल छोड़कर फरार हो गए थे। मृतक के परिजनों का दावा है कि गांव के कुछ युवकों ने मिलकर उसकी हत्या की है, लेकिन पुलिस अब तक संदिग्धों से कड़ी पूछताछ नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि जांच में लापरवाही बरती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button