साजा विधायक ने पोस्टर में अपना फोटो न होने पर योग कार्यक्रम छोड़ा

बेमेतरा। बेमेतरा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के दौरान साजा विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम के पोस्टर में अपना फोटो नहीं होने पर नाराज होकर मंच से उठ गए। स्थिति को बिगड़ते देख अधिकारी विधायक को मनाने लगे तब जाकर विधायक मंच पर लौटे।
जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र—बेमेतरा, नवागढ़ और साजा आते हैं। योग दिवस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू और साजा विधायक ईश्वर साहू और जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टर में बेमेतरा और नवागढ़ के जनप्रतिनिधियों के फोटो तो थे, लेकिन साजा विधायक ईश्वर साहू का फोटो नदारद था। इसी बात पर विधायक नाराज हो गए और मंच से चले गए।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने विधायक ईश्वर साहू को मनाया। काफी समझाइश के बाद वे दोबारा मंच पर लौटे और कार्यक्रम में शामिल हुए। इस घटना ने प्रशासन की कार्यशैली, प्रोटोकॉल और जनप्रतिनिधियों के प्रति संवेदनशीलता पर चर्चा छेड़ दी है।






