इंदौर पुलिस की तैयारी साइबर अपराध के मामलों में तुरंत होगी कार्रवाई

बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए इंदौर पुलिस अब हाईटेक मोड में काम कर रही है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर हर थाने में साइबर हेल्प डेस्क को मजबूत बनाने और पुलिसकर्मियों को साइबर मामलों में प्रशिक्षित करने की योजना शुरू की गई है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर कार्यालय में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें करीब 80 आरक्षक और प्रधान आरक्षक स्तर के पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में 1930 हेल्पलाइन, cybercrime.gov.in पोर्टल, NCRP, संचार साथी, समन्वय, ई-DAR, निदान और साइबर पुलिस पोर्टल के उपयोग के बारे में बताया गया, ताकि शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई कर पीड़ित के पैसे होल्ड कराए जा सकें और जांच को मजबूत बनाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी दौर में अपराधी भी हाईटेक हो चुके हैं, इसलिए पुलिस को उनसे एक कदम आगे रहना होगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि साइबर फ्रॉड का शिकार कोई भी व्यक्ति थाने से निराश होकर वापस न जाए।







