शोकाकुल परिवारों हेतु सामुदायिक भोजन की व्यवस्था करें अग्रवाल सभा रायपुर – मुरारका

रायपुर। रायपुर अग्रवाल समाज एवं अग्रवाल सभा रायपुर से अनुरोध करते हुए समाज के वरिष्ठ सदस्य कैलाश मुरारका ने समाज सेवा की भावना को सशक्त करने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल पर विचार करते हुए 5 सुझाव दिए जिसमें शोकाकुल परिवारों के लिए सामुदायिक भोजन की व्यवस्था किसी विश्वसनीय केटरर, होटल या भोजनालय से किया जाए। इसके अलावा आवश्यकता अनुसार 25, 50 या 100 व्यक्तियों के पैकेज तय किए जाएँ, भोजन की व्यवस्था सभा के माध्यम से हो ताकि सभी को समान सहयोग मिले, इच्छुक दानदाता इस सेवा का व्यय वहन कर सकते हैं; सेवा अग्रवाल सभा के नाम से संचालित हो, संबंधित मोहल्ला समिति को वितरण का दायित्व दिया जा सकता है तथा एकरूपता के लिए अधिकृत केटरर/भोजनालय से दरें पहले से तय कर ली जाएँ।
मुरारका ने कहा कि किसी परिवार में निधन होने पर शोक की स्थिति में भोजन बनाना कठिन हो जाता है। ऐसे समय में यदि अग्रवाल सभा शोकाकुल परिवार के लिए भोजन की व्यवस्था करे, तो यह अत्यंत मानवीय एवं अनुकरणीय कार्य होगा।
ज्ञातव्य है कि अग्रवाल समाज, थान खमरिया में ऐसी व्यवस्था सफलतापूर्वक चल रही है। रायपुर अग्रवाल सभा भी इस सेवा को प्रारंभ कर समाज के परिवारों को संबल दे सकती है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि यह सेवा प्रारंभ होने पर अग्रवाल समाज संकट की घड़ी में प्रत्येक परिवार का सच्चा सहारा बनेगा। उन्हें उम्मीद हैं कि अग्रवाल सभा, रायपुर इस सुझाव पर गंभीरतापूर्वक विचार करेगी।







