खेत की घेराबंदी बनी काल, करंट की चपेट में आकर मां-बेटों ने गंवाई जान

बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत भाड़म में एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों में दसन बाई सिंगरौल, उनके 23 वर्षीय पुत्र विवेक सिंगरौल और 14 वर्षीय पुत्र सत्यव्रत सिंगरौल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह दसन बाई अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए GI तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं, तभी किसी तरह तीनों करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शाम को घर लौटने पर पति सीताराम सिंगरौल ने पत्नी और दोनों बेटों को घर पर नहीं पाया। काफी तलाश के बाद वे खेत पहुंचे, जहां तीनों के शव पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना माना गया है, जबकि खेत की घेराबंदी के दौरान करंट कैसे प्रवाहित हुआ, इसकी वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






