प्रदेश में बढ़ते अपराध नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर लगाया विफलता का आरोप

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश में बढ़ते आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि भाजपा के शासन में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सिंघार ने सागर जिले के शाहगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर ड्यूटी कर रही नर्स दीपशिखा चढ़ार की गोली मारकर हत्या को महिला सुरक्षा के मामले में सरकार के खोखले दावों का आईना बताया। उन्होंने कहा कि थाने और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुई यह जघन्य वारदात प्रदेश की कानून व्यवस्था की पूरी तरह ध्वस्त स्थिति को दर्शाती है। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि आरोपी पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और मृतक के परिवार को समुचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिले और प्रशासनिक जिम्मेदारी का निर्वहन हो।







