खनिज विभाग में विवाद कर्मचारी गजानन पर अवैध वसूली और दबाव बनाने के आरोप

मध्य प्रदेश के सिंगरौली के खनिज विभाग में पदस्थ कर्मचारी गजानन एक बार फिर विवादों में घिर गया है। लंबे समय से अवैध वसूली को लेकर चर्चित गजानन के खिलाफ अब विभागीय स्तर पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने बताया कि गजानन ने अपने पद का दुरुपयोग किया और लगातार शिकायतें मिली थीं, जिनमें अवैध वसूली, दबाव बनाने और नियमों के विपरीत कार्य करने के आरोप शामिल थे। सबसे गंभीर आरोप यह है कि गजानन ने कुछ अधिकारी-कर्मचारियों को फर्जी एससी-एसटी प्रकरणों में फंसाने का प्रयास किया, ताकि उन पर दबाव बनाया जा सके। वरिष्ठ अधिकारियों ने समय रहते मामले को संज्ञान में लिया और जांच कराई। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर ने गजानन का तत्काल प्रभाव से ट्रांसफर कर दिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह कदम विभाग की छवि बचाने और कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया। फिलहाल पूरे मामले पर विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई और जांच की संभावना जताई जा रही है, वहीं खनिज विभाग के अंदरूनी हालात और कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।







