बिलौजी क्षेत्र में जर्जर पानी की टंकी का हिस्सा गिरा, लोगों में दहशत; नगर निगम की लापरवाही पर उठे सवाल

बिलौजी क्षेत्र में उस समय दहशत फैल गई जब एक पुरानी और जर्जर पानी की टंकी का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। यह टंकी जिला मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है और लंबे समय से खतरनाक हालत में खड़ी है। बीती रात तेज आवाज के साथ टंकी का हिस्सा गिरने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया, हालांकि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी टंकी से मलबा गिरता रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद नगर निगम द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। निवासियों ने बताया कि कई बार लिखित और मौखिक शिकायत देने के बाद भी जर्जर संरचना को हटाया नहीं गया है, जिससे यह अब रिहायशी इलाके के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द इस टंकी को हटाने और संभावित हादसे को रोकने की मांग की है।







