ChhattisgarhRegion

सेंट्रल बैंक जोनल ऑफिस में लगी आग, फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं

Share

रायपुर। राजधानी रायपुर के बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में महत्वपूर्ण दस्तावेज और कार्यालय के रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो जाने की आशंका है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 9 बजे बैंक के जोनल कार्यालय से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें भी उठने लगीं। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। घटना के समय कार्यालय परिसर में सफाई का काम चल रहा था। देखते ही देखते आग ने कार्यालय के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा 1ॅरही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने भी मौके का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।
घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग में कई जरूरी दस्तावेज और कार्यालयीन रिकॉर्ड जलने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कितने दस्तावेज प्रभावित हुए हैं और कितना आर्थिक नुकसान हुआ है।राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button