भोपाल में नव आरक्षकों का भव्य दीक्षांत 617 जवान पुलिस बल में शामिल, DGP ने ली परेड की सलामी

शहर के 15वीं बटालियन परिसर के मैदान में नव आरक्षकों का भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस विभाग को 617 नए जांबाज जवान मिले। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने दीक्षांत परेड की सलामी ली। आरएपीटीसी और 15वीं वाहिनी के इन 617 जवानों ने कड़ी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अनुशासित कदमताल करते हुए शानदार परेड प्रस्तुत की, जिसे देखकर उपस्थित लोग उत्साहित हो उठे। परेड के बाद जवानों ने अपनी ट्रेनिंग के दौरान सीखे गए साहसिक और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसमें आग की रिंग से छलांग, मजबूत फर्शियों को तोड़ना, ऊंचाई से कूदना और घुड़सवारी जैसे प्रदर्शन शामिल रहे। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह और जवानों के परिजन भी मौजूद रहे। डीजीपी ने बताया कि इन नव आरक्षकों को भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, बालाघाट, शिवपुरी और गुना सहित विभिन्न जिलों में तैनात किया जाएगा ताकि कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में पुलिस बल की कमी को दूर करने के लिए 2026 में 10,500 नई भर्तियों की योजना पर काम चल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने नक्सलवाद पर बड़ा दावा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश 11 दिसंबर 2025 को पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है, हालांकि सुरक्षा और सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।







