Madhya Pradesh
अंधविश्वास बना हत्या की वजह, पति-पत्नी ने झाड़फूंक करने आए बाबा को उतारा मौत के घाट

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में अंधविश्वास के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम चंदौरा में झाड़-फूंक करने पहुंचे ओझा बाबा राजबहोर सिंह गोंड की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी भीमसेन सिंह गोंड को शक था कि बाबा और उसका भाई जादू-टोना कर उसके परिवार को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी अंधविश्वास के चलते उसने अपनी पत्नी चन्द्रकिरण के साथ मिलकर बाबा पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं समाज में अंधविश्वास के खतरे को उजागर करती हैं, जहां जागरूकता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है।






