Madhya Pradesh

15 जुलाई तक प्रदेश के 70 सांदीपनि विद्यालयों का होगा लोकार्पण

Share

मध्य प्रदेश में स्कूली शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार 15 जुलाई तक पूरी तरह तैयार 70 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोकार्पण समारोह को केवल औपचारिक कार्यक्रम न रखकर शिक्षा, संस्कृति और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए। ‘स्कूल चलें अभियान’ के तहत विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों के लिए स्वल्पाहार एवं मिष्ठान्न वितरण और प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक जिले के एक सांदीपनि विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित होगी, जिसमें डिजिटल और एआई आधारित प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी तथा उत्कृष्ट शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में तैयार 70 सांदीपनि विद्यालयों में 46 स्कूल शिक्षा विभाग और 24 जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत हैं। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यालयों का उद्घाटन संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराने तथा उन्हें आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से युक्त आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button