कलेक्टर ने जारी किया नया कार्य विभाजन, कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के कार्यों का व्यापक पुनर्विभाजन करते हुए नया आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया है। नए आदेश के तहत मुकेश रावटे को पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दिलेराम डाहिरे को कानून-व्यवस्था, राजस्व अपील, प्राकृतिक आपदा प्रबंधन और शस्त्र अनुज्ञप्ति से जुड़े कार्य दिए गए हैं। निकिता मरकाम को एसडीएम मरवाही तथा अमित बेक को एसडीएम पेण्ड्रारोड नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आकांक्षा पाण्डेय, विक्रांत कुमार अंचल और देवेन्द्र कुमार सिरमौर को भी विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं का नया प्रभार सौंपा गया है। तहसील स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं, जिनमें शेषनारायण जायसवाल को पेण्ड्रारोड से पेण्ड्रा, प्रीति शर्मा को मरवाही से गौरेला तथा अविनाश कुजुर को पेण्ड्रा से मरवाही स्थानांतरित किया गया है। कई नायब तहसीलदारों को भी नई जिम्मेदारियां और अतिरिक्त प्रभार दिए गए हैं। साथ ही, अधिकारियों की अनुपस्थिति में कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए लिंक ऑफिसर की व्यवस्था भी लागू की गई है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि गौरेला, पेण्ड्रा और मरवाही की नगर निकायों से संबंधित मामलों का अंतिम निराकरण कलेक्टर के माध्यम से होगा, जबकि अन्य अविभाजित विषयों का निस्तारण स्वयं जिला दण्डाधिकारी करेंगे।




