CEO की बड़ी कार्रवाई, पंचायत सचिव किशन राठौर निलंबित

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) ने प्रशासनिक शिथिलता और अनुशासनहीनता के मामलों पर सख्त कार्रवाई करते हुए गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत सेमरा के तत्कालीन एवं वर्तमान में ग्राम पंचायत तरईगांव के सचिव किशन राठौर को निलंबित कर दिया है। सचिव पर गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं और शासकीय आदेशों की अवहेलना के आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार उनके खिलाफ लंबे समय से मिल रही शिकायतों की जांच में कई आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिनमें शासकीय प्राथमिक शाला भवन के ध्वस्तीकरण एवं पुनर्निर्माण में नियमों का उल्लंघन, मनरेगा कार्यों में मशीनों का अवैध उपयोग, शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी तथा राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी शामिल है। कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने के बाद छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के तहत यह कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत मरवाही निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।







