Chhattisgarh

जर्जर स्कूल भवन से परेशान ग्रामीणों ने की तालाबंदी, बोले- बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं

Share

अभनपुर के ग्राम सोनसिल्ली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के जर्जर भवन को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पालकों और छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। लगातार बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर नए भवन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और “नया स्कूल भवन दो” के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान स्कूल के शिक्षक भी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन वे असहाय नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक दोनों स्कूल एक ही परिसर में संचालित होते हैं, लेकिन दोनों भवन काफी जर्जर हो चुके हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन को जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पालकों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनकी सुरक्षा भी जरूरी है, इसलिए मजबूरी में स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन करना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक नए भवन की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा। वहीं, अभनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचंद जैन ने बताया कि जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने के लिए जल्द आदेश जारी करवाए जाएंगे और नए स्कूल भवन की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने भी कहा कि नए भवन निर्माण के लिए प्रशासनिक स्तर पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button