दलदल सिवनी निवासी कुणाल जायसवाल को नीट में मिला 609 अंक

रायपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए)द्वारा नीट यूजी 2026 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। रायपुर के दलदल सिवनी निवासी कुणाल जायसवाल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में 609 अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय रैंक (एआईआर) 7549 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।
कुणाल ने बताया कि उन्होंने अपनी पूरी तैयारी ऑनलाइन माध्यम से की। यह सफलता उनके लगभग तीन वर्षों के निरंतर संघर्ष, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। परीक्षा की तैयारी के दौरान वे प्रतिदिन 12 से 14 घंटे तक घर और पुस्तकालय में अध्ययन करते थे। कुणाल एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। उनके पिता अनूप जायसवाल स्वयं का व्यवसाय करते हैं, जबकि माता लोकेश्वरी जायसवाल गृहिणी हैं। परिवार ने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया।कुणाल के बड़े भाई भूपेंद्र जायसवाल वर्तमान में मेकाहारा, रायपुर में एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्र हैं। उन्होंने भी कुणाल का मार्गदर्शन और मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अपनी सफलता का श्रेय कुणाल ने अपने माता-पिता, बड़े भाई और निरंतर मेहनत को दिया। उनका लक्ष्य एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है।
राज्य में एमबीबीएस की 270 नई सीटें बढ़ गई
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए)द्वारा नीट यूजी 2026 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। इस साल छत्तीसगढ़ में 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मंजूरी मिल गई है, जिससे राज्य में एमबीबीएस की 270 नई सीटें बढ़ गई हैं और कुल सरकारी सीटें 1,700 तक पहुंच गई है।







