महाआरती के बीच 2000 पुलिस जवानों के साथ हाई अलर्ट सुरक्षा व्यवस्था

मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर आज का शुक्रवार बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि हाईकोर्ट के फैसले के बाद आज दोपहर 1:00 बजे हिंदू पक्ष यहां महाआरती करने जा रहा है। इस आयोजन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने पूरे शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं और इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। यह पहली बार है जब भोज उत्सव समिति के अनुसार हिंदू पक्ष शुक्रवार के दिन दोपहर 1:00 बजे महाआरती का आयोजन कर रहा है, जिसमें कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होंगे। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्लिम समाज ने भी अपील करते हुए कहा है कि जुमे की नमाज लोग अपने-अपने क्षेत्र की स्थानीय मस्जिदों या घरों में ही अदा करें। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन ने 1500 से 2000 जवानों की तैनाती की है और अन्य जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है, जबकि पूरे क्षेत्र में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है। इससे पहले शहर में फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों को सख्त चेतावनी दी थी।







