प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। इनमें सरोना रेलवे स्टेशन का करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन पर 95 वर्गमीटर का नया कॉनकोर्स भवन, 2000 वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, नया फुट ओवरब्रिज, सात प्लेटफॉर्म शेल्टर, 2800 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म अपग्रेडेशन, दो लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, दूसरा प्रवेश द्वार, पर्याप्त पार्किंग, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे तथा छत्तीसगढ़ की लोक कला से सुसज्जित आकर्षक परिसर विकसित किया गया है। पुनर्विकास की विशेषता यह रही कि निर्माण कार्य के दौरान छह से अधिक पुराने पेड़ों को संरक्षित रखा गया, जिनमें प्लेटफॉर्म के बीच स्थित एक पेड़ स्टेशन की नई पहचान बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है, जिससे आम नागरिकों और प्रदेश के समग्र विकास को लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है तथा आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल रही है।






