वेतन नहीं मिलने पर बंसल इंफ्राटेक के 150 श्रमिकों ने काम बंद कर किया प्रदर्शन

एसईसीएल की गेवरा परियोजना में SILO और CHP निर्माण कार्य कर रही बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के करीब 150 ठेका श्रमिकों ने वेतन भुगतान में देरी के विरोध में गुरुवार को श्रमिक चौक पर प्रदर्शन किया। श्रमिकों के काम पर नहीं पहुंचने से परियोजना का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का कहना है कि करीब दो माह पहले भी उन्होंने वेतन भुगतान की समस्या को लेकर CGM कार्यालय का घेराव किया था। उस समय एसईसीएल के एरिया पर्सनल मैनेजर, कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच यह सहमति बनी थी कि प्रत्येक माह 7 से 10 तारीख के बीच वेतन का भुगतान अनिवार्य रूप से किया जाएगा, लेकिन इस माह भी तय समय पर वेतन नहीं मिला। श्रमिकों के अनुसार, 10 तारीख को प्रबंधन ने सोमवार से बुधवार तक भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक राशि उनके खातों में नहीं पहुंची। दोबारा जानकारी लेने पर अधिकारियों ने कथित तौर पर कहा, “जब पेमेंट आएगा तब काम पर आना।” इस जवाब से नाराज श्रमिकों ने काम बंद कर श्रमिक चौक पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।






