शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन के समर्थन में पहुंचे अमित जोगी

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नई दिल्ली में चल रहे आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पहुंचे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की उनकी मांग का समर्थन करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की। अमित जोगी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठने से युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता की आवाज़ है और सरकार को विद्यार्थियों तथा आंदोलनकारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए। अमित जोगी ने दोहराया कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) सदैव छात्रों, युवाओं और उनके अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।







