2,200 करोड़ रुपये के भुगतान की मांग को लेकर आज विधानसभा का घेराव करेंगे जल जीवन मिशन के ठेकेदार
जल जीवन मिशन के तहत लंबित भुगतान को लेकर नाराज छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन शुक्रवार को विधानसभा का घेराव करेगी। प्रदेशभर से करीब 800 ठेकेदार रायपुर के तूता धरना स्थल पर एकत्रित होंगे और वहां से विधानसभा की ओर कूच करेंगे। एसोसिएशन का आरोप है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अंतर्गत ‘हर घर जल’ योजना में कार्य करने वाले ठेकेदारों का करीब 2,200 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले दो वर्षों से लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले ठेकेदारों ने अपनी मांगों को लेकर नीर भवन का घेराव भी किया था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने पर अब विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश जोशी ने कहा कि करीब ढाई वर्षों से भुगतान नहीं किया गया है और विभाग अनुबंध की शर्तों से हटकर नए नियम लागू कर रहा है, जिससे ठेकेदारों की परेशानियां बढ़ गई हैं। उन्होंने लंबित भुगतान जल्द जारी करने और अतिरिक्त शर्तों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेशभर के ठेकेदार इस आंदोलन में शामिल होंगे।







