Chhattisgarh

एसडीएम कार्यालय के गार्ड रूम में निकला जहरीला सांप

Share

गौरेला पेण्ड्रा मरवाही। पेंड्रारोड एसडीएम कार्यालय परिसर के गार्ड रूम में एक विशालकाय और विषैला कोबरा सांप घुस गया और बिस्तर के नीचे छुपकर बैठा हुआ था। 6 फीट लंबे इस नाग का समय रहते रेस्क्यू कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, पेंड्रारोड एसडीएम कार्यालय के ठीक बगल में बने गार्ड रूम में जहरीला कोबरा दाखिल हो गया। सांप को फुफकारते देख लोगों के होश उड़ गया। अपनी जान बचाकर तुरंत कमरे से बाहर की ओर भागे। इसकी सूचना क्षेत्र के सर्प मित्र द्वारिका प्रसाद कोल को दी।
खबर मिलते ही सर्प मित्र द्वारिका प्रसाद कोल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी और सूझबूझ से कोबरा पर काबू पाया और उसे एक सुरक्षित पारदर्शी डिब्बे में बंद कर दिया। उसने बताया कि स्थानीय भाषा में इसे ‘गेहुअन’ कहा जाता है। रेस्क्यू के बाद प्रशासनिक अमले और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। सर्प मित्र ने बताया कि इस सांप को आबादी से दूर घने और सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

​गौरेला ​पेंड्रारोड और आसपास के अंचलों में द्वारिका प्रसाद कोल अपनी इस नि:स्वार्थ सेवा के लिए विख्यात हैं। वे अब तक हजारों जहरीले और दुर्लभ प्रजाति के सांपों का सफल रेस्क्यू कर उन्हें जंगलों में सुरक्षित छोड़ चुके हैं। सर्प मित्र ने बताया कि कोबरा (नाग) प्रजाति का यह सांप बेहद विषैला और खतरनाक होता है। यदि यह किसी व्यक्ति को काट ले तो शरीर में जहर फैलने के बाद महज 30 मिनट से दो घंटे के भीतर इंसान की मृत्यु हो सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि बरसात के दिनों में सतर्क रहें और सांप दिखने पर उसे मारने के बजाय विशेषज्ञों को सूचित करें।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button