राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान पर सियासत तेज, कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
बिलासपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी नेता के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना गलत है। शैलेश पांडेय ने आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी भाजपा नेताओं की हताशा और गिरती राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के करोड़ों लोगों की आवाज बनकर जनता के मुद्दे उठा रहे हैं, ऐसे में उनके खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है। कांग्रेस नेता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय भाजपा नेता व्यक्तिगत हमलों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान, सामाजिक न्याय, युवाओं, किसानों और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। शैलेश पांडेय ने पुरंदर मिश्रा से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अधिकार है, लेकिन अभद्र भाषा को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बयानबाजी पर संयम नहीं रखा गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता इसका जनता के बीच जवाब देंगे।







