शराब कारोबारी के ठिकानों पर ACB-EOW की छापेमारी, वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच

जिले में शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई शहर के कान्हा विहार स्थित कारोबारी अहिंदर के निवास समेत उससे जुड़े अन्य स्थानों पर की गई। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कारोबारी के वित्तीय लेनदेन, व्यवसायिक गतिविधियों और आय-व्यय से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड खंगाले गए तथा कई अहम दस्तावेज जब्त कर आगे की जांच के लिए अपने कब्जे में लिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले से जुड़े संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं और कारोबारी के विभिन्न वित्तीय लेनदेन व संपर्कों की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले जिले में आबकारी विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज हो चुका है, जिससे इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि ACB और EOW की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जांच एजेंसियां जब्त दस्तावेजों और रिकॉर्ड के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। सूत्रों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।







