प्रशिक्षण शिविर को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, नेताओं के बीच तीखा वार-पलटवार

कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत के साथ ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शिविर पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता आपस में ही लड़ रहे हैं और इस प्रशिक्षण से पार्टी को कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह इस शिविर से खत्म नहीं होगी। इसके जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि अरुण साव एक घंटे भी कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर अटेंड कर लें तो भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। बैज ने यह भी आरोप लगाया कि सबसे अधिक भ्रष्टाचार अरुण साव के विभाग में हो रहा है और उन्हें बताना चाहिए कि क्या मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में उनसे इस्तीफा मांगा गया था या नहीं। भाजपा द्वारा प्रशिक्षण शिविर के लिए जिलाध्यक्षों से सहयोग राशि लेने के आरोपों को भी बैज ने खारिज करते हुए कहा कि यदि कोई सबूत है तो सामने लाया जाए। वहीं भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर भी दीपक बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि भाजपा को उनका इलाज कराना चाहिए। दूसरी ओर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योग के महत्व को प्रदेशभर में पहुंचाया जाएगा और सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।







