सूरजपुर के जंगल में एक साथ तीन भालुओं की मौत, करंट लगने की आशंका

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र स्थित झिंगरामाड़ा जंगल में एक साथ तीन भालुओं की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। जंगल में एक मादा भालू, एक नर भालू और एक शावक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों भालुओं की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान हाई टेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर जंगल में गिर गया था और संभवतः उसी की चपेट में आने से भालुओं की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम ने घटनास्थल पर ही तीनों भालुओं का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार उनके शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। यदि करंट लगने से मौत की पुष्टि होती है, तो बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ सकते हैं। फिलहाल वन विभाग आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के प्रयास में जुटा है।







