Madhya Pradesh

मोहन सरकार की बड़ी पहल सुगम परिवहन सेवा से 1164 रूटों पर बस नेटवर्क का विस्तार

Share

मध्य प्रदेश में आम लोगों के सफर को आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार बड़े स्तर पर तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना को जल्द से जल्द फील्ड में लागू किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर यात्रा सुविधा मिल सके। जानकारी के अनुसार यह योजना जुलाई तक शुरू हो सकती है और इसके पहले चरण में प्रदेश के 1,164 मार्गों पर अगले दो वर्षों में 5,206 नगर बसों का संचालन किया जाएगा। राज्य को इसके लिए 7 बड़े परिवहन क्षेत्रों में बांटा गया है, जिनमें इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, सागर, ग्वालियर और रीवा शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 608 बसें इंदौर क्षेत्र में और 398 बसें भोपाल क्षेत्र में चलाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा, जिससे शहरों और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन आसान हो सके। इसके साथ ही मालवाहक वाहनों की जांच के लिए परिवहन चौकियों और टोल नाकों को हाईटेक बनाने की भी योजना है। बैठक में यह भी बताया गया कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए “मप्र राज्य सड़क सुरक्षा सचिवालय” का गठन किया जाएगा, जबकि ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीयन को डिजिटल रूप में उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही जल्द ही ई-डिटेक्शन सिस्टम भी लागू किया जाएगा, जिससे कैमरों के जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान स्वतः हो सकेगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button