ChhattisgarhMiscellaneous

अगले तीन दिनों में बढ़ेगा तापमान

Share

रायपुर। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट ली। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ वज्रपात की गतिविधियां दर्ज की गईं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में मेघगर्जन और तेज हवा चली।
आज से प्रदेश में मेघगर्जन की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 4.0 और 4.7 डिग्री कम रहा। रायपुर में सुबह 8:30 बजे तक 26 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार कुटरू में 5 सेमी, लाभांडीह में 4, रायपुर में 3, भटगांव, सरिया और बिलाईगढ़ में 2-2 सेमी वर्षा हुई। बिलासपुर, मोहला, सारंगढ़, माना-रायपुर, लोरमी, कुनकुरी और बगीचा में 1-1 सेमी बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्र में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसी के प्रभाव से राज्य में मौसम का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी बनी हुई है।रायपुर में 7 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button