भोजशाला विवाद पर आज इंदौर हाईकोर्ट में अहम सुनवाई, ASI रिपोर्ट पर होगी बहस

भोजशाला को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर इंदौर हाईकोर्ट में सुनवाई के साथ गरमा गया है। सोमवार को खंडपीठ में मामले पर अहम सुनवाई होनी है, जिसमें भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा कराए गए सर्वे की रिपोर्ट पर पक्षकारों के दावे, आपत्तियां और सुझावों पर बहस होगी। इससे पहले 23 फरवरी की सुनवाई में कोर्ट ने एएसआई की सर्वे रिपोर्ट रिकॉर्ड पर लेते हुए सभी पक्षों—हिंदू और मुस्लिम पक्ष सहित अन्य प्रतिवादियों—को रिपोर्ट का अध्ययन कर अपने-अपने दावे और आपत्तियां पेश करने के निर्देश दिए थे। यह मामला 22 मार्च 2024 को दिए गए उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें हाईकोर्ट ने भोजशाला परिसर की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए एएसआई को वैज्ञानिक सर्वे कराने के निर्देश दिए थे। करीब 100 दिनों तक चले सर्वे में ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार, खुदाई और संरचनात्मक जांच की गई। सर्वे के दौरान मिले अवशेषों को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। अब आज की सुनवाई में अदालत इन दावों और आपत्तियों पर विस्तृत बहस सुन सकती है, जिसे मामले में आगे की प्रक्रिया तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







