शहडोल में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 530 घन मीटर अवैध रेत जब्त कर नष्ट

शहडोल (Shahdol district) में वन विभाग की टीम पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने अवैध रेत कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। वन विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने सोहागपुर तहसील के ग्राम बिजौरी, बैगहा और नरवार क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित करीब 530 घन मीटर रेत को जब्त कर नष्ट कर दिया। टीम ने जब्त रेत में मिट्टी मिलाकर उसे मौके पर ही नष्ट कराया। बताया जा रहा है कि इन क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच बिजौरी क्षेत्र में गश्त पर गई वन विभाग की टीम पर कथित रेत माफियाओं ने हमला कर दिया था, जिसमें सरकारी वाहन में तोड़फोड़ और वनकर्मियों के साथ मारपीट की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और वन विभाग व खनिज विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध रेत कारोबार पर कार्रवाई की। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







