रायपुर पुलिस ने चर्चित हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को 7 साल पुराने मामले में गिरफ्तार, जेल भेजा
राजधानी रायपुर में चर्चित हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को 2019 के पुराने मामले में कोर्ट से जारी स्थायी वारंट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने फिर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रोहित और उनके भाई वीरेंद्र तोमर पर मारपीट, वसूली, दुष्कर्म और हत्या समेत करीब दो दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। 2013 के हत्या मामले में उनकी हाईकोर्ट में रिव्यू पिटीशन खारिज हो चुकी है। 2019 में रोहित पर धारा 327, 384 और 506 के तहत मामला दर्ज था, जिसमें जान से मारने की धमकी, मारपीट और प्रताड़ना शामिल थी। पेशी में गैरहाजिरी के कारण अदालत ने स्थायी वारंट जारी किया था। डीसीपी उमेश गुप्ता और एसीपी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने वारंट की तामीली कर रोहित को गिरफ्तार किया और अदालत में पेशी के बाद पुनः जेल में दाखिल कराया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को अपराध से बचाने की छूट नहीं दी जाएगी।







