एसडीआरएफ व नगर सैनिकों ने अग्नि सुरक्षा सप्ताह पर निकाली जागरूकता रैली

जगदलपुर। बस्तर जिले के कलेक्टर की अनुमति से महानिदेशक निदेशक एवं डीआईजी नगर सेना मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार मंगलवार को नगर सेना कार्यालय के तत्वावधान में अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में फायर कर्मचारी, एसडीआरएफ एवं नगर सैनिकों सहित कुल 238 जवानों ने हिस्सा लिया।
रैली की शुरुआत लालबाग मैदान से हुई, जो कोतवाली चौक, महावीर चौक, संजय मार्केट, चांदनी चौक, वीर सावरकर चौक, जमाल मिल चौक और एयरपोर्ट चौक से होते हुए फायर स्टेशन तक लगभग 3 किलोमीटर पैदल मार्च के रूप में निकाली गई। इस दौरान सबसे पहले शहीद फायर अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रैली के माध्यम से आम नागरिकों, व्यापारियों, स्कूल-कॉलेज, अस्पतालों एवं होटल संचालकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। रैली में लोगों से अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों और वाहनों में अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखें, कचरे में आग न लगाएं, खुले बिजली तारों से सावधानी बरतें तथा जंगलों में आग लगाने से बचें। साथ ही आपात स्थिति में 112 और 07782-222899 पर सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया।






