ChhattisgarhMiscellaneous

तेंदूपत्ता खरीदी की तैयारी पूरी, 2 लाख 70 हज़ार बोरा संग्रहण का लक्ष्य

Share

जगदलपुर। तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। इस बार रिकॉर्ड खरीदी की उम्मीद जताई जा रही है। बस्तर सर्किल के सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिले में इस वर्ष 2 लाख 70 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य तय किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा संग्रहण की उम्मीद बीजापुर जिले से की जा रही है, जहां जंगलों में तेंदूपत्ता की अच्छी पैदावार के संकेत मिले हैं।
अधिकारियों के अनुसार इस बार मौसम अनुकूल है, ऐसे में उत्पादन बेहतर रहने और पिछले वर्षों के मुकाबले ज्यादा संग्रहण होने की संभावना है। इसी कारण वन विभाग ने खरीदी व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। बस्तर सर्किल में 75 समितियों के माध्यम से 119 लॉट बनाए गए हैं, जहां संग्रहण कार्य संचालित होगा। तेंदूपत्ता को समय पर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए 43 परिवहन समूह भी गठित किए गए हैं। इस बार ग्रामीण संग्राहकों की सुविधा बढ़ाने के लिए 10 नए फड़ भी जोड़े गए हैं। इनमें सुकमा में 2 और बीजापुर में 8 नए फड़ शामिल हैं। अब पूरे सर्किल में 1300 से अधिक फड़ संग्रहण कार्य के लिए सक्रिय रहेंगे।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को राशि सीधे उनके बैंक खातों में मिले, इसके लिए संग्राहक कार्ड को आधार से लिंक किया जा रहा है। बीजापुर जिले में अब तक 53,608 परिवारों में से 51,818 परिवारों के बैंक खाते खुल चुके हैं, बाकी खातों की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
तेंदूपत्ता को बस्तर में हरा सोना कहा जाता है क्योंकि यह जंगलों से जुड़े हजारों परिवारों की आय का जरिया है। संग्रहण के लिए 50-50 पत्तों की गड्डी बनाई जाती है और ऐसी 1000 गड्डियों से एक मानक बोरा तैयार होता है। राज्य सरकार प्रति मानक बोरा 5500 रुपए का भुगतान कर रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button