सिंहस्थ-2028 की तैयारियां जोरों पर कान्ह डक्ट परियोजना और विकास कार्यों का निरीक्षण

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर बुधवार को आशीष सिंह, रोशन कुमार सिंह, अनिल फिरोजिया सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। दल ने सबसे पहले कान्ह नदी परिवर्तन डक्ट परियोजना का जायजा लिया और इसके बाद शनि मंदिर क्षेत्र में बन रहे घाट, क्षिप्रा नदी तट, पुल, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों का अवलोकन किया। सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि कान्ह डायवर्जन टनल अत्याधुनिक तकनीक का उदाहरण है, जिससे क्षिप्रा नदी का जल अधिक स्वच्छ होगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि कई परियोजनाएं तय समय से पहले पूरी करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। वहीं संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का आकलन करना था। उन्होंने बताया कि सिंहस्थ से जुड़े सभी कार्य तेज गति से चल रहे हैं तथा 63 सड़कों के चौड़ीकरण सहित कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।







