Madhya Pradesh
रूम न मिलने पर नकाबपोश बदमाशों ने कार के शीशे तोड़े, CCTV में कैद वारदात

ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अलकापुरी रोड पर एक होटल में रूम नहीं मिलने से नाराज बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। 25 मई की देर रात एक युवक होटल में कमरा लेने पहुंचा था, लेकिन कमरे खाली न होने के कारण होटल मालिक ने उसे रूम देने से मना कर दिया। इसके बाद वह युवक कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ कार में वापस लौटा, जहां कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने होटल के बाहर खड़ी होटल मालिक की कार को निशाना बनाते हुए लोहे की रॉड से उसके शीशे तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद पीड़ित होटल मालिक हितेश कुमार जैन ने विश्वविद्यालय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के सहारे उनकी पहचान कर तलाश शुरू कर दी है।







