बालको चिमनी हादसे का मुख्य गवाह आरोपी के साथ होटल में पकड़ाया

कोरबा। बालको में साल 2009 में हुए चिमनी हादसे के महत्वपूर्ण गवाह पृथ्वीनाथ सिंह को आरोपी सगामसेट्टी व्यंकटेश के साथ होटल ग्रैंड गोविंदा से पकड़ा है। इस मामले की सुनवाई बिलासपुर उच्च न्यायालय के निर्देश पर समय-सीमा में हो रही है।
गौरतलब है कि वर्ष 2009 में बालको प्लांट में निर्माणाधीन चिमनी गिरने से 40 मजदूरों की मौत हो गई थी। जीडीसीएल कंपनी और सेपको (चीनी) कंपनी के अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। जीडीसीएल कंपनी पर गवाहों को प्रभावित करने का
आरोप था। इसके चलते कई गवाह पेशी में उपस्थित नहीं हो रहे थे। इस पर कोर्ट ने कड़ी नाराजगी भी जताई थी।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी को सूचना मिली थी कि गवाह पृथ्वीनाथ सिंह को आरोपी पक्ष कोरबा में छिपाकर रखे हुए है। एएसपी लखन पटले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने होटलों में छापेमारी की। होटल ग्रैंड गोविंदा के कमरा नंबर 202 में गवाह अपने पुत्र और आरोपी सगामसेट्टी व्यंकटेश के साथ मिला। जांच में पता चल कि यह कमरा जीडीसीएल कंपनी ने बुक कराया था।
पूछताछ से आरोपी व्यंकटेश घबरा गया। उसके मोबाइल की जांच से पता चला कि वह गवाह से पहले से परिचित है। साथ ही गवाह के बयान की फोटो व्हाट्सऐप के जरिए उसके पुत्र के मोबाइल पर भेजी गई थी। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर साक्ष्यों के साथ कोर्ट को जानकारी दी।
लोक अभियोजक ने गवाह को प्रभावित करने पर आपत्ति दर्ज कराई है। दोनों पक्ष की बहस के बाद कोर्ट ने साक्षी की गवाही के लिए अभियोजन को समय दिया है।






