रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी चर्लापल्ली-दानापुर और बिलासपुर-पोत्तनूर के बीच चलेंगी समर स्पेशल ट्रेनें

दक्षिण मध्य रेलवे ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चर्लापल्ली से दानापुर के बीच एक फेरा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। गाड़ी संख्या 07089 चर्लापल्ली-दानापुर स्पेशल ट्रेन 27 मई 2026, बुधवार को दोपहर 1 बजे चर्लापल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन चांदाफोर्ट, गोंदिया, बालाघाट जंक्शन और नैनपुर समेत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी और अगले दिन रात 11:55 बजे दानापुर पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 24 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी टू टियर, एसी थ्री टियर, स्लीपर, सामान्य द्वितीय श्रेणी और एसएलआर कोच शामिल रहेंगे। वहीं रेलवे ने बिलासपुर से पोत्तनूर के बीच भी एक तरफा समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 08201 बिलासपुर-पोत्तनूर समर स्पेशल 28 मई, गुरुवार को रात 9:10 बजे बिलासपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, बल्लारशाह, विजयवाड़ा, रेणिगुंटा और सेलम सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन सुबह 9:45 बजे पोत्तनूर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर और एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।






