क्रिकेट अकादमी विवाद में पूर्व डीजीपी से धोखाधड़ी, संचालक गिरफ्तार

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में फेथ क्रिकेट अकादमी के संचालक राघवेंद्र सिंह तोमर को हबीबगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पूर्व डीजीपी एच.एम. जोशी को फर्जी दस्तावेज तैयार कर पार्टनरशिप फर्म से बाहर कर दिया था। यह कार्रवाई चार साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में की गई है। जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड डीजीपी एच.एम. जोशी अरेरा कॉलोनी में रहते हैं और उनकी रातीबड़ के ग्राम सेमरी में जमीन है, जिस पर वर्ष 2017 में क्रिकेट अकादमी विकसित करने के लिए उनके और राघवेंद्र सिंह तोमर के बीच साझेदारी हुई थी, जिसके तहत ‘मैसर्स फेथ क्रिकेट क्लब’ नाम से फर्म बनाई गई थी। आरोप है कि लगभग दो साल बाद आरोपी ने जोशी को फर्म से हटाने के लिए फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया और दस्तावेजों में उनके नकली हस्ताक्षर किए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद गुरुवार रात गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारी इस मामले में फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं।







