जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 552 किलोग्राम गांजा जब्त

जशपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कारों से 552.10 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 21 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देने के लिए रेकी कर रही एक अन्य कार को भी जब्त किया गया। पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के दौरान थाना कुनकुरी और बगीचा क्षेत्र में संयुक्त घेराबंदी कर उड़ीसा से गांजा लेकर आ रही इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा कारों को पकड़ा गया। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है तथा जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।







