Chhattisgarh

कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांगा 10 साल का हिसाब, डिप्टी CM शर्मा ने दिया जवाब

Share

रायपुर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने गृहमंत्री शाह से 10 साल का हिसाब मांगा है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पिछले 10 साल के वादा खिलाफी का हिसाब छत्तीसगढ़ की जनता को देना होगा। छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को व्यापक समर्थन दिया है। बीजेपी ने रोजगार, महंगाई और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, जिसका जवाब जनता को देना होगा। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री के बिलासपुर दौरा रद्द होने को लेकर सवाल पूछते हुए कहा कि बुद्धिजीवी सम्मेलन रद्द होने के आखिर क्या कारण है ?

सुशील आनंद ने कहा कि बुद्धिजीवी वर्ग अमित शाह से 10 वादों का हिसाब ना ले इसलिए यह सम्मेलन रद्द किया गया है। जो वादे युवाओं, किसानों और प्रदेश की जनता से किए थे, उसका हिसाब ना मांग ले इस डर से बुद्धिजीवी सम्मेलन में शाह नहीं जा रहे हैं। इसे लेकर डिप्टी CM विजय शर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हम 10 साल का हिसाब जरूर देंगे। पहले गांव-गांव में कानपुर और लखनऊ सब जगह बम फूटा करते थे। अब बम नहीं फट रहे हैं। 370 धारा कभी नहीं हटाई गई। कश्मीर को अभिन्न अंग होना था। कश्मीर को अलग करके रखा गया था, जिसे हटाया गया। इसका हिसाब हम देंगे।

डिप्टी CM शर्मा ने कहा कि 500 सालों से प्रभु राम प्रतीक्षा रखते रहे, लेकिन अपने घर नहीं जा सके। उनके लिए भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया गया। उसका जवाब जरूर देंगे। पहले पिस्तौल और छर्रे भी आयात किए जाते थे। आज हम ब्रह्मोस को फिलीपींस को एक्सपोर्ट करने वाले हैं। इसका जवाब जरूर देंगे। कितने सेटेलाइट हम ऊपर लगा दिए उसका जवाब देंगे। दुनिया का सबसे ऊंचा पुल बना हुआ है। जितने हिसाब देना है सब देंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा की एक-एक सीट जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी प्राण लगा देगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button