कोर्ट में फर्जी आधार कार्ड पेश कर जमानत कराने का मामला, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने पिता के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर न्यायालय को गुमराह करने की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए खुद को अपने पिता के नाम से पेश किया और अन्य मामलों के आरोपियों की जमानत भी कराई। कोतवाली पुलिस ने जयनगर थाना क्षेत्र के अजबनगर गांव निवासी 34 वर्षीय देव प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पिता के आधार कार्ड में अपना नाम दर्ज कराकर कोर्ट में पेशी दी और हस्ताक्षर कर जमानत प्रक्रिया पूरी कराई। पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर आरोपी लगातार जांच से बचता रहा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अंबिकापुर जिले में भी इसी तरह फर्जी आधार कार्ड के इस्तेमाल से जुड़े मामले की जांच चल रही है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।






