सर्वमंगलमय चातुर्मास के लिए विवेकानंद नगर में कल मंगल प्रवेश, शोभायात्रा के साथ होगा मुनि संवेगरत्न सागरजी म.सा. का आगमन

रायपुर। जैन समाज के लिए आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख पर्व चातुर्मास इस वर्ष राजधानी रायपुर के विवेकानंद नगर में भव्य भक्तिमय माहौल में आयोजित होगा। श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक समाज एवं चातुर्मास समिति की ओर से 22 जुलाई बुधवार को परम पूज्य मुनि श्री संवेगरत्न सागरजी म.सा. आदि ठाणा-5 का भव्य चातुर्मास मंगल प्रवेश कराया जाएगा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे।
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष जसराज लूणीया ने बताया कि सुबह 7:30 बजे सदर बाजार स्थित श्री ऋषभदेव मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए विवेकानंद नगर पहुंचेगी। श्रद्धालु मंगल गीत, धर्मध्वजा और भक्ति भाव के साथ मुनिराज का मंगल प्रवेश कराएंगे। चातुर्मास समिति के महासचिव सुरेश बरडिया ने बताया कि चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन सुबह 8:45 बजे से श्री ज्ञानवल्लभ उपाश्रय, विवेकानंद नगर में नियमित प्रवचन होंगे। मुनि श्री संवेगरत्न सागरजी अपने प्रवचनों में धर्म, संयम, सदाचार और आत्मकल्याण का संदेश देंगे।
चातुर्मास समिति ने जैन समाज सहित सभी धर्मप्रेमियों से सहपरिवार उपस्थित होकर चातुर्मास मंगल प्रवेश एवं धार्मिक आयोजनों का लाभ लेने की अपील की है। यह आयोजन श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक समाज एवं चातुर्मास समिति (अंतर्गत श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट, रायपुर) द्वारा विवेकानंद नगर में आयोजित किया जा रहा है।
चातुर्मास के सफल आयोजन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने का निर्णय लिया गया। चातुर्मास समिति का अध्यक्ष जसराज लूणीया, महासचिव सुरेश बरडिया,कोषाध्यक्ष मोती सराफ को बनाया गया है। शिखरचंद गोलछा को भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रमुख संरक्षक राजेश मुणोत, संरक्षक श्यामसुंदर बैदमुथा व पुखराज मुणोत हैं।







